बिहार दिवस समारोह छठ गीतों के माध्यम से दिया गया स्वच्छता का संदेश
पटना : बिहार सरकार द्वारा गांधी मैदान में आयोजित बिहार दिवस समारोह के तहत पटना नगर निगम के सांस्कृतिक मंच पर छठ गीतों के माध्यम से स्वच्छ बिहार, स्वच्छ पटना का संदेश दिया गया। दूसरे दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन पटना की महापौर सीता साहू द्वारा किया गया । उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पटना शहर को साफ सुथरा बनाए रखने के लिए सभी अपनी-अपनी ओर से प्रयास करें। पटना नगर निगम की स्वच्छता जागरूकता अभियान की ब्रांड एंबेसडर डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामना देते हुए पारंपरिक छठ गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। लोक गायिका नीतू कुमारी नवगीत ने केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव झाँके झुँके, काँच ही बाँस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए, पटना के घाट पर हमहूँ अरगिया देवई हे छठी मैया, काठ ही आठ के केवड़िया हो दीनानाथ इत्यादि छठ गीतों को गाकर माहौल को पूरी तरह से भक्तिमय कर दिया। उन्होंने कहा कि महापर्व छठ आस्था और विश्वास का महापर्व तो है ही, स्वच्छता का भी महापर्व है। स्वच्छता के जिस तरह के उच्च मानक इस महापर्व के दौरान अपनाए जाते हैं, उसे हमें सालों भर अपनाना है और पूरे पटना को चकाचक बनाए रखना है । सांस्कृतिक कार्यक्रम में नीतू नवगीत ने माँ दुर्गा के स्तोत्र, देवी पचरा, झुलेली झूलनवाँ मैया, घर घर अलख जगायेंगे स्वच्छ पटना बनेगा जैसे गीतों की प्रस्तुति की। नीतू नवगीत के अलावा
,  राकेश कुमार ( लोकगायक एवं सूफ़ी गायक),लाडली पांडेय ( लोकगायिका),पंकज देव और
,  चंद्र भूषण ने पारंपरिक लोकगीत गाए। उनके साथ वादक कलाकारों में कैसियो पर संजय मिश्रा,पैड पर प्रिंस, ढोलक पर धनंजय कुमार और बैंजो पर अशोक कुमार ने शानदार तरीके से संगत किया।
,  नवगीतिका लोक रसधार के कलाकारों के द्वारा बिहार गौरव गाथा, दोमकच,कजरी,झिझिया, सोहर, जट जटिन, स्वच्छता आधारित नृत्य की शानदार प्रस्तुति हुई । लोक नृत्य प्रस्तुत करने वाले कलाकारों में राजू कुमार, आरती कुमारी, विजया कुमारी, अंकिता कुमारी, सलोनी कुमारी, माही कुमारी, रितु कुमार, अंकुश राज, सत्यम कुमार, गोलू कुमार, अभिषेक कुमार और अमित कुमार शामिल रहे।
,  कार्यक्रम के दूसरे सत्र में कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ । स्वच्छता के रंग युवा कवियों के संग कार्यक्रम में युवा कवियों ने एक से बढ़कर एक स्वच्छता आधारित कविताओं का वाचन किया। स्वच्छता के रंग, युवा कवियों के संग कार्यक्रम का आयोजन संजय कुमार कुंदन की अध्यक्षता में किया गया जिसमें आराधना प्रसाद, ज्योति झा , अविनाश बन्धु , रवि किशन , विकास कुमार, मोहम्मद इरशाद सिद्दीक़ी शिबू, कुमार अमरेश सहित अनेक युवा कवियों ने अपनी कविताओं का पाठ किया और पटना को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।