अच्छी स्वास्थ्य सेवाएँ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचनी चाहिए: ओम बिरला

Ankalan 13/7/2026

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएँ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सरकार और निजी क्षेत्र से स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा अनुसंधान तथा नवाचार को सुदृढ़ बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। बिरला सोमवार को महाराष्ट्र के नासिक में 'अशोका हेल्थ सिटी' के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
,  
,  उन्होंने कहा कि भारत सरकार देश के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। मेडिकल अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं और मेडिकल शिक्षा में सीटों की संख्या बढ़ाई गई है। आयुष्मान भारत जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में उल्लेखनीय सफलता मिली है और गंभीर बीमारियों के उपचार के साथ-साथ चिकित्सा अनुसंधान को भी नई दिशा मिली है।
,  
,  लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि चिकित्सा संस्थानों को वर्तमान बीमारियों के साथ-साथ भविष्य में उभरने वाली नई स्वास्थ्य चुनौतियों के लिए भी तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी ने यह सिद्ध कर दिया कि वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था किसी भी संकट से निपटने की सबसे बड़ी शक्ति होती है। भारत ने महामारी के दौरान स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर पूरी दुनिया के सामने अपनी वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया और मानवता की सेवा की।
,  
,  बिरला ने कहा कि भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार में निवेश बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वविद्यालयों एवं मेडिकल संस्थानों में अनुसंधान एवं नवाचार केंद्र स्थापित करने पर बल देते हुए कहा कि सरकार और निजी क्षेत्र को मिलकर चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में नई खोजों और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना चाहिए।
,  
,  उन्होंने अशोका हेल्थ सिटी से अपेक्षा व्यक्त की कि वह मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, कैंसर उपचार, सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सा तथा अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित 'मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल' माताओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले अस्पतालों और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर भी बल दिया।
,  
,  अपने संबोधन में बिरला ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने मेडिकल छात्रों से ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों में सेवा देने का आह्वान करते हुए कहा कि देश के हर नागरिक को, चाहे वह किसी भी क्षेत्र में रहता हो, गंभीर बीमारी की स्थिति में गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होना चाहिए।
,  
,  नासिक की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि यह भूमि संत ज्ञानेश्वर महाराज, संत तुकाराम महाराज तथा छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रेरणादायी परंपराओं से समृद्ध है। उन्होंने कहा कि त्र्यंबकेश्वर महादेव की पावन भूमि समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा और जनकल्याण की प्रेरणा प्रदान करती है।
,  
,  उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि योग आज विश्वभर में लोगों की दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। उन्होंने नागरिकों से योग अपनाने और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली विकसित करने का आग्रह किया ताकि स्वस्थ और निरोगी भारत का निर्माण किया जा सके।
,  
,  बिरला ने विश्वास व्यक्त किया कि अशोका हेल्थ सिटी न केवल नासिक बल्कि पूरे उत्तर महाराष्ट्र के लोगों के लिए आधुनिक और किफायती स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने निजी चिकित्सा संस्थानों से सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार समाज के सभी वर्गों तक पहुँचाने का आह्वान किया।
,  
,  समारोह में महाराष्ट्र सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल, राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, सांसदों तथा अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया।

Related Post