साझा लोकतांत्रिक मूल्य भारत-अमेरिका आर्थिक सहयोग को मजबूत आधार प्रदान करते हैं: ओम बिरला
नई दिल्ली, 19 नवंबर 2026। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि भारत और अमेरिका के साझा लोकतांत्रिक मूल्य दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार, निवेश और तकनीकी साझेदारी को मजबूत आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, स्थिर नीतिगत वातावरण, स्वतंत्र न्यायपालिका तथा विभिन्न हितधारकों के साथ निरंतर संवाद निवेशकों का विश्वास बढ़ाने और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
,  
,  बिरला 23वें भारत-अमेरिका आर्थिक शिखर सम्मेलन 2026 को संबोधित कर रहे थे। भारत और अमेरिका को विश्व के दो सबसे बड़े लोकतंत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि जीवंत लोकतांत्रिक संस्थाएं स्थिर, पारदर्शी और जवाबदेह नीति-निर्माण सुनिश्चित करती हैं। लोकतंत्र विभिन्न विचारों और हितों को स्थान देता है, जिससे उद्योग, व्यापार, कृषि, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों की अपेक्षाएं नीतियों में समाहित हो पाती हैं।
,  
,  उन्होंने व्यक्तिगत स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, कानून के समक्ष समानता और स्वतंत्र न्यायपालिका को भारत के लोकतांत्रिक ढांचे के प्रमुख स्तंभ बताते हुए कहा कि स्थिर नीतिगत व्यवस्था तथा उद्योग और नीति-निर्माताओं के बीच नियमित संवाद से निवेश को प्रोत्साहन मिलता है और द्विपक्षीय आर्थिक संबंध अधिक मजबूत बनते हैं।
,  
,  भारत-अमेरिका व्यापारिक साझेदारी में अहम भूमिका
,  
,  लोक सभा अध्यक्ष ने 1968 में स्थापित इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने दशकों से दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने, व्यापारिक संवाद स्थापित करने, तकनीकी साझेदारी विकसित करने और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने चैंबर के नेतृत्व और प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत में कुशल मानव संसाधनों का तेजी से विस्तार द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग की संभावनाओं को और व्यापक बना रहा है।
,  
,  अनुसंधान, शिक्षा और नवाचार पर जोर
,  
,  बिरला ने उद्योग जगत से विश्वविद्यालयों, आईआईटी, आईआईआईटी, इंजीनियरिंग कॉलेजों तथा अन्य तकनीकी संस्थानों के साथ अधिक घनिष्ठ सहयोग स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उद्योग द्वारा अनुसंधान एवं विकास में निवेश दुनिया भर में तकनीकी प्रगति का प्रमुख आधार रहा है।
,  
,  उन्होंने कहा कि उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी से भारत नई तकनीकों के विकास, वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी स्थिति मजबूत करने तथा उभरते प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में नेतृत्व हासिल करने में सक्षम होगा।
,  
,  फार्मा, एआई और रक्षा क्षेत्र में बढ़ती संभावनाएं
,  
,  फार्मास्युटिकल क्षेत्र का उल्लेख करते हुए लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय दवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान प्राप्त है, विशेषकर अफ्रीकी देशों में। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए दवा कंपनियों और विश्वविद्यालयों के बीच संयुक्त अनुसंधान को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
,  
,  उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और चिकित्सा प्रौद्योगिकी में तेजी से हो रही प्रगति नवाचार एवं निवेश के नए अवसर पैदा कर रही है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत की प्रगति का उल्लेख करते हुए रक्षा विनिर्माण और निर्यात क्षमताओं के विस्तार को देश की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
,  
,  युवा, स्टार्टअप और एमएसएमई विकास के इंजन
,  
,  भारत की युवा आबादी को देश की सबसे बड़ी शक्तियों में से एक बताते हुए श्री बिरला ने कहा कि युवाओं के कौशल, विचार और नवाचार क्षमता देश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को गति दे रहे हैं। उन्होंने भारत के विस्तृत स्टार्टअप इकोसिस्टम की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय स्टार्टअप वैश्विक चुनौतियों के समाधान विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
,  
,  उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को भी निवेश, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, साझेदारी और रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। भारत और अमेरिका के कारोबारी समुदायों से अपनी क्षमताओं का लाभ उठाते हुए संयुक्त उपक्रम और नई साझेदारियां विकसित करने तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने का आग्रह किया।
,  
,  हरित ऊर्जा और सतत विकास पर बल
,  
,  ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए श्री बिरला ने कहा कि औद्योगिक विस्तार, डेटा सेंटरों की बढ़ती संख्या और प्रौद्योगिकी निवेश के कारण ऊर्जा की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाना भी आवश्यक है।
,  
,  उन्होंने स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के भारत के प्रयासों को रेखांकित करते हुए कहा कि उद्योग, वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के बीच सहयोग ऊर्जा प्रौद्योगिकी में नवाचार को गति दे सकता है। इससे ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होने के साथ सतत आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी।
,  
,  बिरला ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत और अमेरिका के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, आर्थिक अवसरों, तकनीकी क्षमता और नवाचार पर आधारित साझेदारी आने वाले वर्षों में दोनों देशों के विकास तथा वैश्विक आर्थिक प्रगति में अहम योगदान देगी।
,