यमुना में शुरू हुई दिल्ली की पहली रिवर क्रूज सेवा, नदी पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने किया उद्घाटन, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रहीं मौजूद; 30 यात्रियों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक क्रूज बना आकर्षण
,  
,  नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में नदी पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए यमुना नदी पर पहली मनोरंजक क्रूज सेवा की शुरुआत की गई। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में सोनिया विहार में इस परियोजना का उद्घाटन किया।
,  
,  सोनिया विहार से जगतपुर के बीच विकसित इस परियोजना के तहत 30 यात्रियों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक क्रूज संचालित किया जाएगा। लगभग 6 किलोमीटर के राउंड ट्रिप में पर्यटक यमुना के प्राकृतिक सौंदर्य और दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत का आनंद ले सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य राजधानी में टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ यमुना को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।
,  
,  यमुना की पौराणिक विरासत से रूबरू होंगे पर्यटक
,  
,  इस परियोजना को केवल क्रूज सेवा तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे एक व्यापक इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां म्यूजिकल फाउंटेन के साथ विशेष लाइट एंड साउंड शो आकर्षण का केंद्र होगा। इस शो के माध्यम से यमुना की पौराणिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें सूर्य देव, यमराज और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, विशेषकर कालिया दमन की कथा को दर्शाया जाएगा।
,  
,  इसके अलावा पर्यटकों के लिए फूड कोर्ट, शॉपिंग एरिया, बच्चों के खेलने का स्थान तथा स्केटिंग और रॉक क्लाइंबिंग जैसी साहसिक गतिविधियों की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। आधुनिक फ्लोटिंग जेटी, टिकट काउंटर, ऑनलाइन बुकिंग, प्रतीक्षालय, शौचालय और रोशनी से युक्त रास्तों की व्यवस्था की गई है।
,  
,  नदियां बनेंगी आर्थिक विकास और पर्यटन का माध्यम : सोनोवाल
,  
,  उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की नदियां और अंतर्देशीय जलमार्ग आर्थिक विकास, पर्यटन और टिकाऊ परिवहन के महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। यमुना पर क्रूज सेवा की शुरुआत लोगों को नदियों से दोबारा जोड़ने और उनकी अपार संभावनाओं का उपयोग करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
,  
,  उन्होंने कहा कि सरकार जलमार्गों को पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ विकसित भारत के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगी।
,  
,  दिल्ली की पहचान और संस्कृति से जुड़ी है यमुना : रेखा गुप्ता
,  
,  मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना दिल्ली के इतिहास, संस्कृति और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। क्रूज सेवा शुरू होने से दिल्लीवासियों और यहां आने वाले पर्यटकों को नदी को एक नए दृष्टिकोण से देखने और अनुभव करने का अवसर मिलेगा। इससे पर्यटन के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
,  
,  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार यमुना के रिवरफ्रंट को बेहतर सुविधाओं, टिकाऊ बुनियादी ढांचे और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े आकर्षक सार्वजनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
,  
,  राष्ट्रीय जलमार्ग-110 के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
,  
,  उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है। इस क्रूज सेवा की शुरुआत राजधानी में जलमार्ग के माध्यम से मनोरंजन और पर्यटन गतिविधियों को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
,  
,  देश में अंतर्देशीय जलमार्गों के विकास का उल्लेख करते हुए मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय जलमार्गों पर माल परिवहन वर्ष 2013-14 के 1.8 करोड़ मीट्रिक टन से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 21.8 करोड़ मीट्रिक टन तक पहुंच गया है। जलमार्ग से माल परिवहन की अनुमानित लागत 1.06 रुपये प्रति टन-किलोमीटर है, जबकि रेल से यह 1.41 रुपये और सड़क मार्ग से 2.28 रुपये है।
,  
,  नदी क्रूज पर्यटन के क्षेत्र में भी विस्तार हुआ है। वर्ष 2013-14 में रात्रि यात्रा करने वाले नदी क्रूज जहाजों की संख्या पांच थी, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 26 हो गई। एमवी गंगा विलास की ऐतिहासिक यात्रा ने भारत और बांग्लादेश के बीच 3,200 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर नदी पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।
,  
,  कई सरकारी एजेंसियों के सहयोग से तैयार हुई परियोजना
,  
,  यमुना रिवर क्रूज परियोजना का विकास भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) ने बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम, दिल्ली जल बोर्ड तथा दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से किया है।
,  
,  यह परियोजना दिल्ली में नदी आधारित पर्यटन, पर्यावरण अनुकूल परिवहन और स्थानीय रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।